Breaking News

दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति पर विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ

  • एसडीएम बोलेरक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा

  • बड़ी संख्या में भाईबहनों ने रक्तदान कर दी श्रद्धांजलि

  • आबू रोड में रक्तदान महाअभियान, मानवता की सेवा का दिया संदेश

  • दीप प्रज्ज्वलन के साथ विश्व बंधुत्व रक्तदान अभियान का शुभारंभ

  • मानवता, एकता और करुणा का संदेश बना रक्तदान महाअभियान

आबू रोड, राजस्थान। ब्रह्माकुमारी संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर समाज सेवा प्रभाग द्वारा डायमण्ड हॉल में विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से जुड़े भाई-बहनों एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में रक्तदान कर दादी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

आबू रोड के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी (एसडीएम) रामस्वरूप जौहर ने अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि रक्तदान जीवन का सबसे श्रेष्ठ और नोबल कार्य है। उन्होंने कहा कि मानवता की इससे बड़ी कोई सेवा नहीं हो सकती, क्योंकि एक व्यक्ति का रक्त किसी दूसरे के जीवन को बचाने का माध्यम बनता है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए ब्रह्माकुमारी संस्था की सराहना की।

ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. प्रताप मिढ्ढा ने कहा कि आधुनिक विज्ञान आज तक कृत्रिम रक्त बनाने में सफल नहीं हो सका है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने बताया कि नई तकनीकों के माध्यम से एक यूनिट रक्त से कई मरीजों को लाभ पहुँचाया जा सकता है तथा प्लाज्मा और प्लेटलेट्स का उपयोग डेंगू जैसी गंभीर परिस्थितियों में अनेक लोगों का जीवन बचाने में किया जाता है।

अग्रवाल समाज, आबू रोड के अध्यक्ष सागरमल अग्रवाल ने बताया कि उनका समाज प्रतिवर्ष लगभग 350 यूनिट रक्त ग्लोबल हॉस्पिटल को समर्पित करता है। उन्होंने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि पर रक्तदान कर श्रद्धांजलि देना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।

संस्था के महासचिव राजयोगी बीके करूणा भाई ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल रक्त एकत्र करना नहीं, बल्कि समाज में मानवता, एकता और करुणा के मूल्यों को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची पहचान है।

अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके मृत्युंजय भाई ने कहा कि वर्तमान समय में विश्वभर में संकट और दुर्घटनाओं की संभावनाएँ बढ़ रही हैं, ऐसे में रक्तदान जीवन रक्षा का महायज्ञ है। उन्होंने नेताजी सुभाषचंद्र बोस के प्रेरक संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि आज की आवश्यकता है— रक्तदान करो, जीवन बचाओ।

कार्यक्रम में साइंटिस्ट एंड इंजीनियरिंग विंग के राजयोगी बीके मोहन सिंघल भाई, वरिष्ठ राजयोगी बीके प्रकाश भाई, शांतिवन ऑफिस के बीके सत्येंद्र भाई, सफाई विभाग के बीके जगदीश भाई, ग्लोबल हॉस्पिटल की डॉ. सपना भंडारी, समाज सेवा प्रभाग के नेशनल क्वाडिनेटर बीके अवतार भाई, आवास-निवास कार्यालय के बीके देव भाई तथा समाज सेवा प्रभाग के मुख्यालय संयोजक बीके बीरेन्द्र भाई सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन बीके अमरदीप भाई ने किया।

Check Also

पारिवारिक मूल्यों के पुनर्जागरण का हुआ शंखनाद, एक वर्ष तक चलेगा राष्ट्रीय सद्भावना अभियान

🔊 Listen to this हाईलाइट्स उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा एवं कला संस्कृति प्रभाग …

Navyug Times