Breaking News

ब्रह्माकुमारीज़ में राजस्थान पुलिस की वज्र टीम ने दिया सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण

आबू रोड/शांतिवन। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था में प्रथम बटालियन आरएसी राजस्थान पुलिस, जोधपुर की स्पेशल कमांडो मिशन वज्र टीम द्वारा सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण विशेष रूप से टीचर ट्रेनिंग के लिए आए हुए भाई-बहनों को दैनिक जीवन में आत्मरक्षा, सतर्कता और आपात परिस्थितियों में सुरक्षित रहने की व्यावहारिक तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम कमाण्डेंट आईपीएस पंकज यादव के मार्गदर्शन में गठित वज्र टीम ने किया, जबकि पूरे प्रशिक्षण का सुपरविजन सब इंस्पेक्टर सोहनी जांगिड़ ने किया। प्रशिक्षण का नेतृत्व मुख्य कोच हनुमान गौड़ ने किया। हनुमान गौड़ कराटे ब्लैक बेल्ट, फिलीपिन्स मार्शल आर्ट्स के प्रशिक्षित विशेषज्ञ तथा तीन बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित प्रशिक्षक हैं।

टीम के प्रमुख सदस्य पपाराम एवं भंवरा राम भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को पकड़ से बचने, संतुलन बनाए रखने, त्वरित प्रतिक्रिया तथा आत्मविश्वास के साथ स्वयं को सुरक्षित रखने की तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया।

सब इंस्पेक्टर सोहनी जांगिड़ ने कहा कि सेल्फ डिफेंस का उद्देश्य लड़ाई करना नहीं, बल्कि स्वयं को सुरक्षित रखते हुए सही समय पर सुरक्षित स्थान तक पहुँचना है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं एवं शिक्षकों के लिए आत्मरक्षा कौशल को आज की आवश्यकता बताया।

प्रोटोकॉल मैनेजर बीके लक्ष्मण भाई ने वज्र टीम के सदस्यों का आभार प्रगट करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का लाभ समाज के हर वर्ग को मिलना चाहिए, जिससे कि उनके अंदर भी आत्मरक्षा का भाव जागृत हो। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज़ के महासचिव राजयोगी करूणा भाई का वज्र टीम द्वारा स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र भेंटकर सम्मान किया गया। संस्था की ओर से राजयोगी करूणा भाई, राजयोगिनी मिली दीदी, सुरक्षा प्रमुख कर्नल सती भाई तथा बी.के. जीतु भाई ने राजस्थान पुलिस की वज्र टीम के सभी सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर व  ईश्वरीय उपहार भेंटकर सम्मानित किया।

इस प्रशिक्षण ने आत्मरक्षा के साथ- साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और सजग जीवनशैली का प्रेरक संदेश दिया।

Check Also

दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति पर विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ

🔊 Listen to this एसडीएम बोले— रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा बड़ी संख्या में भाई–बहनों …

Navyug Times