
-
ब्रह्माकुमारी संस्था में ओम शांति की मंगल ध्वनि के साथ मनाया गया 84 वीं त्रिमूर्ति शिवजयंति
-
दादियों व वरिष्ठ राजयोगी भाई-बहनों के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर व केक कटिंग कर मनाया गया परमात्मा शिव का दिव्य अवतरण दिवस
-
पवित्रता और पावनता का प्रतीक है महाशिवरात्रि

नवयुग टाइम्स, प्रतिनिधि।
21/02/2020
आबू रोड। जहां एक तरफ महाशिवरात्रि का त्यौहार मंदिरों में शिवलिंग पर बेलपत्र और जल चढ़ाकर मनाया जाता है वहीं दूसरी ओर ब्रह्माकुमारी संस्था में महाशिवरात्रि का त्यौहार परमात्मा शिव के अवतरण की स्मृति में उनका जन्मदिवस के रूप में दीप प्रज्ज्वलित कर और केक कटिंग कर मनाया जाता है। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था के देश-विदेश में स्थित सभी सेवाकेंद्रों पर शिव का ध्वज फहराया जाता है और व्यसन मुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा भी की जाती है। इस दृष्टिकोण से देखा जाए तो महाशिवरात्रि का त्यौहार पवित्रता और पावनता का प्रतीक है। जो मानव को परमात्मा शिव से जोड़ती है।

-
…ध्वज फहराकर सर्व के मंगल सुख-शांति की कामना की…
ब्रह्माकुमारी संस्था के मुख्यालय परिसर शांतिवन और कॉन्फ्रेंस हॉल के ग्राउण्ड में संस्था की संयुक्त मुख्य प्रशासिका दादी रतनमोहिनी, ईशु दादी, संस्था के महासचिव बीके निर्वैर भाई, संस्था के मल्टी मीडिया के चीफ बीके करूणा भाई, शांतिवन की बीके मुन्नी बहन, न्यूयार्क की बीके मोहिनी बहन, युरोप में सेवाकेंद्रों की संचालिका बीके जयंति बहन, संस्था के कार्यकारी सचिव बीके मृत्युंजय भाई, शांतिवन के प्रबंधक बीके भूपाल भाई, ग्लोबल अस्पताल के डायरेक्टर डॉ.प्रताप मिढ्ढा, बीके बनारसी भाई, संस्था के इंजीनियर व सोशल एक्टिविटी ग्रुप के अध्यक्ष बीके भरत भाई सहित अनेक वरिष्ठ राजयोगी भाई-बहनों के साथ शिवध्वज फहराया और सर्व के मंगल सुख-शांति की कामना की।
-
परमात्मा का अनुभव करने के लिए सत्य ज्ञान आवश्यक – दादी

इस अवसर पर शिव जयंति की शुभकामना देते हुए दादी रतनमोहिनी ने कहा शिवजयंति का त्यौहार हमें विशेष रूप से परमात्मा शिव की याद दिलाता है। परमात्मा इस सृष्टि पर आकर सत्य ज्ञान देकर हमें सत्य की राह पर चलना सीखा दिया। परमात्मा को अनुभव करने के लिए हमें सत्य ज्ञान की आवश्यकता होती है।
-
…मानव जीवन को सुख-शांति से समृद्घ बनाया जा सकता है – निर्वैर


संस्था के महासचिव बीके निर्वैर भाई ने भारत सहित विदेशों के भाई-बहनों को शिव जयंति की कोटि-कोटि बधाई देते हुए कहा आज का दिन हमारे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। आज लाल किले पर शिव का ध्वज फहराया जा रहा है। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षामंत्री भाग ले रहे हैं। देश-विदेश में ऐसी बहुत सारी समस्यायें हैं जिनका समाधान उन्हें नहीं मिल रहा है। ब्रह्माकुमारी संस्था परमात्मा के श्रीमत अनुसार उन्हें रास्ता दिखाने का कार्य कर रही है। परमात्मा ने हमारे जीवन को श्रेष्ठ बनाकर इस लायक बना दिया है कि हम दूसरों का भी जीवन श्रेष्ठ बना सकते हैं। आज सभी को यह अनुभव हो रहा है कि अध्यात्म की राह पर चलकर ही मानव जीवन को सुख-शांति से समृद्घ बनाया जा सकता है।
-
यही है… यही है… यही है…

जर्मनी में सेवाकेंद्रों की संचालिका बीके सुदेश दीदी ने कहा परमात्मा शिव का अवतरण होते ही भारत सहित विदेशों में भी अनेकों त्योहार मनाने प्रारंभ हो गए हैं। हमें अपनी दिव्यता और सम्पूर्णता का झण्डा लहराना है तभी इस सृष्टि का परिवर्तन होगा। सबके दिल से यही आवाज निकलेगा यही है… यही है… यही है… और सभी धर्मों का सम्बन्ध एक परमात्मा से जुड़ जाएगा।
-
परमात्मा का जन्मदिवस सो हम बच्चों का जन्मदिवस

शिव जयंति की बधाई देते हुए शांतिवन की बीके मुन्नी बहन ने कहा आज परमात्मा का जन्मदिवस है सो हम बच्चों का भी जन्मदिवस है। वह दिन दूर नहीं है जब परमात्मा के प्रत्यक्षता का झण्डा सब जगह फहराया जाएगा। सभी को परमात्मा का संदेश देते हुए हमें स्वयं का परिवर्तन कर सृष्टि का परिवर्तन करना है।
-
…संकल्प लिया…
इससे पूर्व सभी वरिष्ठ राजयोगी भाई-बहनों का तिलक, गुलदस्ते व बैज पहनाकर स्वागत किया गया। इस कार्यकम में भारत सहित विदेशों से हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और परमात्मा के बताए हुए सत्य मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के पश्चात सभी को प्रसाद वितरण किया गया व मंच का कुशल संचालन राजयोग शिक्षिका बीके चंदा बहन ने किया।


