हाइलाईट्स:
-
मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम को किया सम्बोधित
-
ब्रह्माकुमारीज की ओर से लगाई गई राजऋषि ग्राम प्रदर्शनी (गोकुल गांव, जल जन अभियान और श्री अन्न) का दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ
-
मेडिकल विंग द्वारा वर्ष 2023-24 में की गई सेवाओं की सेवा रिपोर्ट और राजऋषि ग्राम सेवा योजना की रिपोर्ट का किया उद्घाटन
-
समारोह में मुख्यमंत्री और मंत्री ओटाराम देवासी का मुकुट, शॉल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया
-
दीप प्रज्जवलित कर मुख्यमंत्री शर्मा, मंत्री देवासी और मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी, संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी मुन्नी दीदी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया
-
भारतीय मजदूर संघ के 25वें वार्षिक अधिवेशन में भी लिया भाग
नवयुग टाइम्स संवादाता, राजस्थान 10/02/24
आबू रोड। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शनिवार को ब्रह्माकुमारी संस्था के मुख्यालय शांतिवन में आयोजित स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके पूर्व संस्थान द्वारा लगाई गई गोकुल गांव- सर्वांगीण विकास अभियान, जल जन अभियान और श्रीअन्न मिलेट्स अभियान प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया।
डायमंड हाल में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था ने लोगों के स्वास्थ्य, शिक्षा, समृद्धि, संस्कृति में उत्कर्ष के लिए एक मुहिम छेड़ी है। श्रीअन्न को कैसे बचाया जा सकता है उसकी लिए संस्था ने अभियान शुरू किया है। इससे निश्चित रूप से लोगों को मिलेट्स के बारे में जानकारी मिलेगी। जल जन अभियान से लोगों को जल संरक्षण के बारे में जानने को मिलेगा। जल संरक्षण आज की जरूरत है। इन सभी विषयों को लेकर संस्था जो कार्य कर रही है उसके लिए साधुवाद। कार्यक्रम में विशेष रूप से मंत्री ओटाराम देवासी, मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी, संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी मुन्नी दीदी मौजूद रहीं।
-
अच्छे वातावरण से देश को एक नई ऊंचाई मिलती है : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि आज मेरे लिए बहुत गौरव और हर्ष का विषय है कि शांतिवन के आध्यात्मिक वातावरण में मैं आज यहां आया हूं। यहां की व्यवस्था और संचालन देखकर कह सकता हूं कि जहां शांति स्थापित होगी, वहां ही हमारा भविष्य होगा। वहीं हमारा प्रदेश और देश समृद्धि की ओर जाएगा। यहां आकर मुझे बहुत सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। मन को बहुत शांति का अनुभव होता है। यहां के भाई-बहनों का अनुशासन और समर्पण सराहनीय है। ब्रह्माकुमारीज़ जैसी आध्यात्मिक संस्थाएं आगे आकार ग्रीन एनर्जी, यौगिक खेती, जैविक खेती के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। ऐसी संस्थाओं के काम करने से निश्चित रूप से हमारा देश आगे बढ़ेगा। अच्छे वातावरण से देश को एक नई ऊंचाई मिलती है।
-
वर्तमान समय नया इनोवेशन का है…
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में अमृत काल का समय चल रहा है। हमारे प्रधानमंत्री जी ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए एक सकारात्मक पहल होनी चाहिए। एक सकारात्मक वातावरण बने। सकारात्मक वातावरण के आधार पर नए-नए इनोवेशन हों। उसके आधार पर प्रदेश को एक नई ऊंचाई पर ले जाने का आधार बनें। हमारा देश सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और मानसिक चेतना के विकास के लिए इस तरह के इनोवेशन होते रहते हैं। हमारा देश एक नया इतिहास लिखने की ओर बढ़ा है। हमारा युवा नशा की ओर बढ़ने लगा है। संस्था ने सरकार के साथ मिलकर हर क्षेत्र में कार्य किया है और कर रहे हैं।
-
जाहोटा गांव देशभर में महिला सशक्तिकरण के लिए जाना जाता है – राठौर

स्वच्छ भारत मिशन राजस्थान के ब्रांड एंबेसेडर एवं वन संरक्षण, महिला सशक्तिकरण में देशभर में ऐतिहासिक कार्य करने वाले जयपुर जिले की ग्राम पंचायत जाहोटा के सरपंच श्याम प्रताप राठौर ने कहा कि आज हमारा गांव जाहोटा देशभर में महिला सशक्तिकरण के लिए जाना जाता है। हमने अपनी पंचायत में 23 हजार पेड़ लगाए हैं। 108 जल संरक्षण के लिए तालाब, बांध आदि बनाए हैं। सामूहिक प्रयासों से ग्राम को आदर्श गोकुल गांव बनाने के लिए जीजान से जुटे हैं। यह संभव हुआ है तो स्व के परिवर्तन से। जब तक हम खुद को नहीं बदलेंगे तब तक हम समाज, देश और गांव को नहीं बदल सकते हैं।
-
मिलेट्स को आज नई पहचान मिली है – ओसवाल
पुणे से आईं ग्रीन एनर्जी फाउंडेशन की फाउंडर शर्मिला ओसवाल ने कहा कि हमारे देशी और भारतीय अन्न मिलेट्स को आज नई पहचान मिली है। राजस्थान में पानी की कमी रहती है ऐसे में यहां बाजरे का उत्पादन करने से किसान भाई अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। सामूहिक प्रयासों से हम राजस्थान को मिलेट्स के क्षेत्र में एक्सपोर्ट का हब बना सकते हैं। मेरा मानना है कि जब आप कोई कार्य पूरी लगन और शिद्दत से करते हैं तो उसकी सराहना जरूर मिलती है।
-
राजस्थान देश की समृद्धि और विकास का माॅडल बनेगा – मृत्युंजय
ब्रह्माकुमारीज़ के कार्यकारी सचिव बीके मृत्युंजय भाई ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि परमात्मा के घर में मुख्यमंत्री का स्वागत वंदन है। आशा है कि आपके नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई ऊंचाईयों को छुएगा। देश की समृद्धि और विकास में प्रदेश मॉडल बनेगा।
-
राजयोग द्वारा गहन शांति की अनुभूति कराई
जयपुर सबजोन की निदेशिका राजयोगिनी बीके सुषमा दीदी ने गहन राजयोग मेडिटेशन की अनुभूति कराई। वहीं बीकानेर से आईं बीके कमल दीदी ने विचारों का महत्व विषय पर प्रकाश डाला। मंच का कुशल संचालन शिक्षा प्रभाग की मुख्यालय संयोजिका बीके शिविका बहन और वरिष्ठ राजयोगी बीके सुधीर भाई ने किया।
-
भारतीय मजदूर संघ के कार्यक्रम को किया सम्बोधित
शांतिवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में भारतीय मजदूर संघ का 25वां राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया। इसमें संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि हमारे लिए देश सबसे पहले है। राष्ट्र भावना को लेकर हम कार्य कर रहे हैं। भारतीय मजदूर संघ का राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है। राष्ट्रवाद की भावना को लेकर हमारा मजदूर संघ काम कर रहा है। इस भावना का जागृत करने में हमारी पीढ़ियां खप गईं। स्वामी विवेकानंद ने जो सपना देखा था वह आज साकार हो रहा है, देश उस दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमारे पांच हजार से ज्यादा ट्रेड यूनियनों से संबंध हैं। हम उन्हें भी आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री का मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने शॉल, मुकुट पहनाकर सम्मान किया। इस मौके पर मंत्री ओटाराम देवासी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम जी, प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी, मजदूर संघ के उपाध्यक्ष केपी सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री सीवी राजेश, प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा, संघ के सिरोही अध्यक्ष गणेश सिंह गुर्जर, जिला मंत्री सुरेश प्रजापत सहित प्रदेशभर से आए एक हजार से अधिक संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।